हैदरगंज/जाना बाजार। हैदरगंज थाना क्षेत्र के शीला का पुरवा स्थित एक तालाब में युवक का शव संदिग्ध हालात मिलने से हलचल मच गई। मौके पर आई पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मृतक के मिर्गी की बीमारी होने की जानकारी मिली है।
थाना हैदरगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत सीहीपुर खास निवासी अंबिका (40) शनिवार की शाम लगभग चार बजे अपने घर से हैदरगंज बाजार के लिए ठेला लेकर निकले थे। बाजार से करीब 5:30 बजे मचल का पुरवा गांव निवासी त्रिलोकी के यहां प्लाई ले जाने का भाड़ा मिला था। इसके बाद वह हैदरगंज बाजार के घनश्याम अग्रहरि और गोपाल अग्रहरि के यहां से प्लाई लेकर मचल का पुरवा के लिए निकले थे। त्रिलोकी के घर जब वह काफी देर तक नहीं पहुंचे तो वह लोग तलाशने निकले लेकिन कुछ पता नहीं चला। वहीं रविवार सुबह बाजार से लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर हैदरगंज-कूरेभार मार्ग पर शीला का पुरवा गांव के पास स्थित तालाब की तरफ शौच के लिए आए ग्रामीणों ने संदिग्ध हालात में शव पड़ा देखा। ग्रामीणों की सूचना पर आई पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष हैदरगंज विवेक राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारणों की जानकारी हो सकेगी। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।