अयोध्या। जिले में पिछले एक माह से कैंसर रोगियों को इलाज मिल रहा है। हालांकि, संसाधनों के अभाव में बड़ी सुविधाएं तो नहीं मिल पा रही हैं, लेकिन ओपीडी सेवाओं के अलावा कीमोथेरेपी जैसी सुविधा दी जा रही है। मंगलवार से ही कीमोथेरेपी सेवा शुरू हुई और पांच मरीज भर्ती हुए हैं।
मेडिकल कॉलेज की सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं को विस्तार देने के लिए प्रयास हो रहे हैं। अब तक न्यूरो फिजिशियन, न्यूरो सर्जन की सेवायें मिल रही थीं। ह्रदय रोग ओपीडी चल रही थी। अब रेडियोथेरेपी विभाग सक्रिय किया जा रहा है। सितंबर से ही इसकी ओपीडी शुरू हुई है, जो अब रफ्तार पकड़ने लगी है। कैंसर रोग विभागाध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र कुमार सचान ने बताया कि कीमोथेरेपी के लिए भर्ती हुए मरीजों में स्तन, आंत, सर्विक्स और मुख कैंसर के मरीज शामिल हैं। शीघ्र ही लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा ने बताया कि ओपीडी में अयोध्या समेत निकटवर्ती जिलों के कैंसर रोगी पहुंच रहे हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। भविष्य में सेवाओं को विस्तार देने के लिए रेडियोथेरेपी मशीन खरीदने की तैयारी है। इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इससे रोगियों को जिले में ही बेहतर इलाज मिलेगा और लखनऊ, दिल्ली का चक्कर लगाने से निजात मिलेगी।