अयोध्या। शहर के पांच स्थानों पर खराब सड़क और जलनिकासी की समस्या जल्द दूर होने की उम्मीद है। विकास प्राधिकरण करीब 5.60 करोड़ रुपये से सीसी सड़क और नाली निर्माण कराएगा। इन कार्यों से कॉलोनियों के साथ प्रमुख संपर्क मार्गों पर आवागमन सुगम होगा और बारिश में पानी जमा होने की समस्या से भी राहत मिलेगी।
ट्रांसपोर्ट नगर में रेलवे लाइन के पश्चिमी छोर से आरटीओ कार्यालय तक करीब 1.17 करोड़, महताब बाग से शिव मंदिर होते हुए चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग तक करीब 1.16 करोड़ से सड़क और नाली बनेगी। लाला लाजपत राय नगर वार्ड के आदित्य नगर कॉलोनी में करीब 1.20 करोड़ की लागत से काम होगा।
रामपथ से सिंचाई विभाग कार्यालय को जोड़ने वाले लिंक मार्ग का निर्माण करीब 1.24 करोड़ रुपये से कराया जाएगा। अवैद्यनाथ वार्ड के श्रीरामपुरम कॉलोनी फेज-दो में 74.02 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क और नाली बनेगी।
महताब बाग के निवासी राकेश वर्मा ने बताया कि सड़क की स्थिति खराब होने के साथ जलनिकासी की समस्या भी बनी हुई थी। बारिश के दौरान पानी रास्ते पर जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। सड़क और नाली बनने से समस्या से राहत मिलेगी।
अवैद्यनाथ वार्ड के श्रीरामपुरम कॉलोनी फेज-दो निवासी संदीप निषाद ने बताया कि खराब रास्ते के कारण लोगों को रोजाना परेशानी होती थी। बारिश में स्थिति और खराब हो जाती थी। नई सड़क बनने से कॉलोनी के लोगों का आवागमन आसान होगा।
एडीए सचिव राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शहर में जरूरी स्थानों को चिह्नित कर पांच निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क के साथ नाली का निर्माण होने से आवागमन और जलनिकासी दोनों की समस्या का समाधान होगा। कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जाएंगे।