अयोध्या। सावन माह के दूसरे सोमवार और शिवरात्रि के कारण लागू चार दिवसीय यातायात डायवर्जन बुधवार को सुबह आठ बजे समाप्त हो जाएगा। श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी।
दूसरे जिलों से आने वाले मालवाहक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा था। यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज बसों का संचालन सामान्य रहा। इन बसों के आवागमन पर कोई पाबंदी नहीं लगाई गई थी। दूसरे चरण के डायवर्जन में भी पहले की तरह अपने निर्धारित स्टॉप से बसें मिलेंगी।
यातायात पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह आठ बजे बैरियर हटा दिए जाएंगे। यदि श्रद्धालुओं की भीड़ कम नहीं हुई तो स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर व्यवस्था में बदलाव संभव है। दो पहिया और चार पहिया निजी वाहनों के संचालन पर कोई रोक नहीं थी।
14 अगस्त सुबह आठ बजे से फिर लागू होगा डायवर्जन
मणिपर्वत मेले और श्रावण मास के तृतीय सोमवार व नागपंचमी को देखते हुए जिले में 14 अगस्त सुबह आठ बजे से फिर यातायात डायवर्जन लागू होगा। यह व्यवस्था 17 अगस्त रात 11 बजे तक या श्रद्धालुओं की भीड़ समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। 15 अगस्त से श्रावण झूला मेला शुरू होने और 17 अगस्त को प्रमुख पर्व होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की संभावना है।