अयोध्या। मेडिकल काॅलेज में सोलर पैनल चोरी के आरोप में निकाले गए इलेक्ट्रीशियन राजू साहू ने अब शासन का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने स्वयं को साजिश के तहत निकालने का आरोप लगाकर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से शिकायत की है। मामले में शासन ने महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा को यथोचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
17 अप्रैल को शासन को लिखे शिकायती पत्र में आउटसोर्सिंग इलेक्ट्रीशियन राजू साहू ने बताया कि 16 अप्रैल से उनकी सेवाएं आउटसोर्सिंग कंपनी ने बाधित कर दी हैं। इसके पीछे उन पर सोलर पैनल चोरी होने का झूठा आरोप लगाया गया है। बताया कि पिछले काफी समय से पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर उनका मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। 31 मार्च को डीजल चोरी में पकड़े गए एक इलेक्ट्रीशियन की भी इसमें सहभागिता है। उन्होंने बताया कि सोलर चोरी का कोई प्रमाण किसी के पास नहीं है। जिन सोलर पैनल के चोरी होने का दावा किया जा रहा है, वह लिफ्ट रूम में सुरक्षित रखे हुए थे। इसके बावजूद साजिश के तहत उन्हें हटा दिया गया है, जबकि वर्ष 2022 से ही कॉलेज में कार्यरत हैं। इस पत्र का संज्ञान लेकर मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद ने 23 अप्रैल को महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा को पत्र लिखकर जांच के बाद उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जबकि, मुख्य सचिव एसपी गोयल ने भी महानिदेशक को पत्र अग्रसारित किया है।