अयोध्या। रामनगरी में इन दिनो कांवड़ मेला चल रहा है। कांवड़ मेले के लिए अयोध्या धाम में चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। हाईवे पर भी जगह-जगह रूट डायवर्जन किया गया है। हाईवे से लेकर रामपथ तक जगह-जगह बंदिशों के बैरियर से अयोध्यावासी परेशान हो रहे हैं। लोगों को घर से बाजार और दफ्तर तक पहुंचने में कई बैरियर पार करने पड़ रहे हैं। अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जितनी व्यवस्था बनी है, उससे कहीं ज्यादा असुविधा यहां के निवासियों को झेलनी पड़ रही है। हाईवे पर तो रूट डायवर्जन लागू है ही, अयोध्या धाम में भी आंतरिक डायवर्जन ने परेशानी बढ़ा दी है। सावन के दूसरे सोमवार पर अयोध्या धाम में पूरे दिन रोक-टोक जारी रही। उदया चौराहे से चार पहिया वाहनों को प्रवेश नहीं दिया गया। इन्हें चक्रतीर्थ व पंचकोसी परिक्रमा मार्ग की ओर मोड़ा गया। इसी तरह टेढ़ी बाजार चौराहे पर बैरियर लगा दिया गया है, यहां से दो पहिया वाहनों को भी नहीं जाने दिया जा रहा है। सभी वाहनों को राम जन्मभूमि के पीछे के रास्ते से भेजा जा रह है।
इसी तरह राम मंदिर के गेट नंबर तीन से थोड़ा पहले भी बैरियर लगाकर एक लेन को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। वहीं सब्जी मंडी मार्ग, गुरुद्वारा मार्ग से रामपथ की ओर चार पहिया वाहनों को नहीं जाने दिया जा रहा है। रामपथ से प्रमोदवन जाने वाले मार्ग पर भी बैरियर लगा दिए गए हैं। कुछ बैरियर पर तो स्थानीय निवासी बताने और आधार कार्ड दिखाने पर भी नहीं जाने दिया जा रहा है। स्कूली वाहनों को भी डायवर्ट कर दिया जा रहा है, जिससे बच्चे परेशान हो रहे हैं। व्यापारी व उद्यमी माल वाहक वाहनों के न आ पाने से परेशान हो रहे हैं।
व्यापारी अंजनी सिंह ने बताया कि रामपथ पर कई जगह बैरियर लग गए हैं। स्कूली वाहनों को भी डायवर्ट कर दिया जा रहा है। स्कूल जाने में बच्चों को परेशानी हो रही है। मालवाहक वाहनों को नहीं आने दिया जा रहा है। किसी के यहां सामान पहुंचाना हो तो बड़ी समस्या हो रही है। इससे ग्राहक भी परेशान हो रहे हैं। आवश्यकता से अधिक प्रतिबंध नहीं लगाना चाहिए।
व्यापारी नेता पंकज गुप्ता का कहना है कि सावन के दूसरे सोमवार पर भी भीड़ सामान्य रही। अभी इस तरह की भीड़ नहीं आ रही कि पूरी अयोध्या को जकड़ दिया जाए। अनावश्यक बैरियर लगा दिए गए हैं। दुकानदारों के सामान दुकान तक नहीं पहुंच पा रहे है। व्यापारी कार्ड, आधार कार्ड दिखाने पर भी नहीं जाने दिया जाता, आए दिन किच-किच होती है।
शक्ति जायसवाल ने कहा कि टेढ़ी बाजार से अभी से दो पहिया वाहनों को रोक दिया है, जबकि भीड़ अभी सामान्य है। उदया पब्लिक स्कूल से बच्चे को लेकर लौटते समय टेढ़ी बाजार से बाइक से आगे नहीं जाने दिया गया। आधार कार्ड दिखाया तब भी पुलिसकर्मी नहीं माने। श्रद्धालुओं को सुविधा के नाम पर स्थानीय लोग परेशान हो रहे हैं।