अयोध्या। आईसीयू के प्रतीक्षालय में लेटी एक तीमारदार के रुपये व जेवर से भरा बैग चोरी करके एक युवक अस्पताल में ही तीन दिन से टहलता रहा, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं चढ़ा। आखिरकार अस्पताल की टीम ने सीसीटीवी के जरिये आरोपी को दबोचकर पुलिस के हवाले किया।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर की रहने वाली मालती तिवारी की सास 14 जुलाई से मेडिकल काॅलेज के आईसीयू में भर्ती हैं। उन्हें देखने के लिए वह बच्चों के साथ 16 जुलाई को आई थीं। वहां से वह सीधे अस्पताल पहुंचीं और रात में पांचवें तल पर बने प्रतीक्षालय में बच्चों के साथ सो गईं। वह सुबह सोकर उठीं तो उनका सामान गायब था और बैग में रखे 10 हजार रुपये व सोने-चांदी के कीमती जेवर गायब थे।
उन्होंने कॉलेज प्रशासन के अलावा स्थानीय पुलिस से भी शिकायत की। कॉलेज की टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक युवक सामान ले जाता नजर आया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया, लेकिन चोर को नहीं पकड़ सकी। जबकि, वह चोरी करने के बाद भी अस्पताल का चक्कर लगाता रहा। इधर, कॉलेज की टीम लगातार सीसीटीवी कैमरे पर नजर गड़ाए रही और रविवार की रात उसे दबोच लिया। कोतवाल अयोध्या मनोज शर्मा ने बताया कि युवक बस्ती निवासी आलम है। शहर के वजीरगंज जप्ती के पास किराए पर रहता है। केस दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जांच हो रही है।