7-अवध इंटरनेशनल स्कूल में खिलाड़ियों को ट्रॉफी सौंपती विधायक अदिति सिंह
अयोध्या। अवध इंटरनेशनल स्कूल में बीते 23 सितंबर से चल रही राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता का समापन शनिवार को समारोहपूर्वक हुआ। खेल प्रशिक्षक संतोष सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतिम दिन तीनों आयु वर्ग के फाइनल मैच खेले गए। 14 वर्ष वर्ग में यश विद्या मंदिर अयोध्या एलबीएस स्कूल रोहतक को 11-02 से हराकर विजेता बना। हार्टफुलनेस स्कूल तमिलनाडु एवं व्यासा विद्यापीठम केरल संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। 17 वर्ष वर्ग में हार्टफुलनेस स्कूल तमिलनाडु ने चित्रकूटा स्कूल कर्नाटक को 10-06 से हराकर खिताब जीता, जबकि श्रीनारायणा पब्लिक स्कूल केरल एवं न्यू बाम्बे सिटी स्कूल तीसरे स्थान पर रहे।
19 वर्ष वर्ग में एसएन पब्लिक स्कूल, केरल ने नारांचल सीनियर सेकेंड्री स्कूल, हरियाणा को 11-06 से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। इस वर्ग में आनंद स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, भिवानी और यूनिवर्स पब्लिक स्कूल ने तीसरा स्थान साझा किया। आवर ओन स्कूल, शारजाह को विशेष सम्मान दिया गया।
इससे पहले मुख्य अतिथि खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव, विशिष्ट अतिथि महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, विधायक रामचन्द्र यादव, विधायक अदिति सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कार्यक्रम का शुभारंभ ने किया। मुख्य अतिथि ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता उन्हें ही मिलती है जो अनुशासित रहकर निरंतर अभ्यास करते हैं। असफल खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि परिश्रम और दृढ़ निश्चय से अगली बार विजय प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर विद्यालय के संरक्षक अतुल कुमार सिंह, निदेशिका कविता सिंह, अध्यक्ष शांतनु सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
7-अवध इंटरनेशनल स्कूल में खिलाड़ियों को ट्रॉफी सौंपती विधायक अदिति सिंह