अयोध्या। रेलवे बोर्ड इन्फ्रास्ट्रक्चर के सदस्य अनिल कुमार खंडेलवाल शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने अयोध्याधाम और कैंट रेलवे स्टेशन पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अयोध्या धाम जंक्शन पर अधिक भीड़ रहती है। इसके लिए यहां एक और प्रवेश द्वार बनाने की तैयारी है।
खंडेलवाल ने बताया कि स्टेशन पर एक ही एअर काॅनकोर है, दूसरे का काम चल रहा है। यहां एस्केलेटर, लिफ्ट लगेगी। होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए विश्रामालय भी बनेंगे। बताया कि अयोध्या कैंट स्टेशन पर 100 करोड़ की लागत से यार्ड बनाया जा रहा है। यार्ड बन जाने से ट्रेन में खराबी आने पर उसे यहीं पर ठीक किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि अमृत भारत जैसी स्कीम भी चलाई है। इसमें अयोध्या धाम जंक्शन जीता जागता उदाहरण है। देश में जल्द ही वंदे स्लीपर ट्रेन को भी चलाया जाएगा।
अयोध्या आए रेलवे बोर्ड इंफ्रास्ट्रक्चर के सदस्य अनिल कुमार खंडेलवाल को रामघाट हाल्ट स्टेशन पर गंदगी की जानकारी होने पर उन्होंने तत्काल जिम्मदारों को सफाई कराने कहा। उनके साथ लखनऊ मंडल रेल के प्रबंधक एस.एम.शर्मा भी मौजूद रहे।
इनसेट
ट्रेन के इंजनों के आगे लगेंगे कैमरे
- पटरियों पर कबाड़ रखकर ट्रेन को पलटाने की साजिशों के सवाल पर खंडेलवाल ने बताया कि हमारे देश में लोग पटरियोंं पर बैठ जाते हैं। उन्हें रोकना होगा। इसके लिए रेलवे पूरे ट्रैक पर जो 130 किमी के दायरे में है, उनमें ट्रैक सेफ्टी फैचिंग का काम कर रहा है। यह काम काफी जगहों पर हो भी गया है। दिन रात पैट्रोलिंग भी की जा रही है। इसके बावजूद जो दिक्कतें आ रही हैं। उसका भी समाधान करने के लिए अब रेलवे ट्रेन के इंजनों के आगे कैमरे लगाने जा रहा है। इससे रेल हादसों को रोका जा सके। इस कैमरे से इंजन पर बैठे ड्राइवर को साफ-साफ दिख जाएगा और हादसों को रोका जा सकेगा।