अयोध्या। डोगरा रेजीमेंट सेंटर के एमटी पार्क में घास काटते समय सेना के लांस हवलदार नीतीश गाटे (37) की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा सोमवार की देर शाम आवासीय परिसर के सामने स्थित पार्क में हुआ है।
महाराष्ट्र के अकोला जिले के थाना कुरनखेड़ा क्षेत्र के बोरगांव निवासी नीतीश पांच मराठा लाइट रेजीमेंट यूनिट में लांस हवलदार के पद पर तैनात थे। वह डोगरा रेजीमेंट सेंटर के एमटी पार्क के सामने स्थित आवासीय परिसर में परिवार के साथ रहते थे। सोमवार की शाम वह मशीन से पार्क में घास काट रहे थे। इस दौरा मशीन में उतरे करंट की चपेट में आकर वह झुलस गए।
उन्हें परिजन व स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल लाया गया, जहां देर रात लगभग नौ बजे उनकी मौत हो गई। सेना के जवानाें ने इसकी सूचना महाराष्ट्र स्थित उनके परिजनों को दी। वहां से उनके भाई मुकेश गाटे और परिवार के अन्य सदस्य अयोध्या के लिए रवाना हुए। वहीं, लांस हवलदार की मौत के बाद पांच मराठा लाइट रेजीमेंट यूनिट के सैन्य अधिकारियों और जवानों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह ने बताया कि परिजनों के पहुंचने पर पंचनामा भरवाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।