अयोध्या। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैरिंग्टनगंज में तैनात संविदा चिकित्सक पर मरीजों को निजी क्लिनिक पर दिखाने के लिए प्रेरित करने का आरोप है। शिकायत के बाद सीएमओ ने तीन सदस्यीय कमेटी बनाकर मामले की जांच शुरू कराई है।
सीएमओ को दिए शिकायती पत्र में रामपुर जोहन निवासी प्रभुदयाल ने बताया कि सीएचसी पर संविदा डॉक्टर के पास जब कोई मरीज जाता है तो उसे वे अपनी निजी क्लिनिक बुलाते हैं। उनकी क्लिनिक सीएचसी से महज 300 मीटर दूर खजुरहट-मिल्कीपुर रोड पर ग्रामसभा सेमरा के चिखड़ी में संचालित है। वहां पर वे मरीजों से 100 रुपये फीस लेते हैं और एक बार में लगभग 1500 रुपये की दवा लिखते हैं। डॉक्टर के झांसे में आकर उन्होंने भी उनसे इलाज कराया और छह माह में लगभग 22 हजार रुपये की दवा की। इसके बावजूद उनकी तबियत ठीक नहीं हुई। अब क्लिनिक जाने पर वे कहीं और दिखाने की बात कहते हैं।
सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बनियान ने एसीएमओ डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव, फाइलेरिया नियंत्रण अधिकारी डीके श्रीवास्तव व जिला प्रशासनिक अधिकारी को जांच अधिकारी नामित करके सात दिन में आख्या मांगी है। सीएमओ ने बताया कि आख्या के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।