अयोध्या। कोविड-19 के बढ़ते मामलों को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। संसाधनों को चाक-चौबंद किया जा रहा है। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर आईसीयू बेड व आइसोलेशन बेड आरक्षित करने की तैयारी की जा रही है।
कोरोना काल में मेडिकल कॉलेज दर्शननगर अस्पताल को लेवल-3 अस्पताल के रूप में सेवाएं दे रहा था। उस समय यहां काफी संख्या में वेंटीलेटर, वाईपैप, आईसीयू व हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) आदि के इंतजाम कराए गए थे। संक्रमण काल खत्म होने के बाद भी इन उपकरणों का काफी लाभ मरीजों को मिला है। मौजूदा समय में यहां 10 बेड का आईसीयू क्रियाशील है, लेकिन तैयारियां चुस्त-दुरुस्त होने का दावा किया गया है।
प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा ने बताया कि संक्रमण बढ़ने पर शासन व उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार 200 बेड के पुराने के दूसरे तल पर कोरोना रोगियों के उपचार के इंतजाम होंगे। यहां सभी संसाधनों से युक्त 20 बेड का आईसीयू वार्ड व ऑक्सीजन सप्लाई युक्त 50 बेड का एचडीयू वार्ड बनाया जाएगा। सभी आवश्यक उपकरण व जीवनरक्षक दवाओं के पहले से ही इंतजाम हैं।