अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में सत्र 2025-26 से विभिन्न पीजी पाठ्यक्रमों में सीयूईटी से सीधे प्रवेश शुरू हो गया है। इस संबंध में एनटीए की ओर से प्रवेश परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। सीयूईटी परीक्षा में बैठे विद्यार्थी अवध विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। आवासीय प्रवेश समन्वयक प्रो. शैलेंद्र कुमार ने बताया कि सीयूईटी से 40 फीसदी छात्र- छात्राओं का प्रवेश विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों में दिया जाएगा। इसके अलावा 60 फीसदी सीटों पर विश्वविद्यालय खुद मेरिट के आधार पर प्रवेश देगा। सीयूईटी के छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर 100 रुपये शुल्क के साथ पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण करना होगा। इस आधार पर छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय में संचालित पाठ्यक्रमों में सीधे प्रवेश ले सकेंगे।
पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए rmlaucuet.samarth.edu.in/pg/index.php पर जाकर पंजीयन करना होगा। पाठ्यक्रमों में प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा। सीयूईटी के अलावा अन्य छात्रों को पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर जाकर आवेदन करना होगा। पाठ्यक्रमों में प्रवेश आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित की गई। ब्यूरो