अयोध्या। किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में आरोपी ऋषभ श्रीवास्तव को अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में दोषमुक्त कर दिया है। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट प्रथम निरुपमा विक्रम की अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया।
अभियोजन के अनुसार, घटना वर्ष 2022 में कोतवाली अयोध्या क्षेत्र की है। आरोप था कि 12 मई की रात करीब दो बजे ऋषभ श्रीवास्तव 17 वर्षीय दलित किशोरी को बहला-फुसलाकर घर से ले गया था। पुलिस ने दोनों को बरामद कर अयोध्या लाया था। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर आरोपी के विरुद्ध कोतवाली अयोध्या में छेड़छाड़ और दुष्कर्म समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से आठ गवाह पेश किए गए। बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने दलील दी कि पीड़िता और उसकी मां के बयानों में विरोधाभास है। घटना का कोई स्वतंत्र गवाह भी अदालत में पेश नहीं किया गया। घटना के संबंध में दिए गए प्रार्थना पत्र में भी विरोधाभासी बातें सामने आईं। बचाव पक्ष ने यह भी तर्क दिया कि जब वादिनी ने अपनी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने की तहरीर दी थी, उस समय पीड़िता उसके साथ ही मौजूद थी।
अदालत ने पत्रावली के अवलोकन में पाया कि घटना के समय पीड़िता की आयु 19 वर्ष थी। पीड़िता की आरोपी से मुलाकात फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई थी। वह आरोपी से एकतरफा प्रेम करती थी। इस मुकदमे से पहले भी आरोपी के विरुद्ध एक रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिसे बाद में पीड़िता ने स्वयं समाप्त कराया था।अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के विरोधाभासी बयानों को देखते हुए आरोपी ऋषभ श्रीवास्तव को सभी आरोपों से दोषमुक्त कर दिया।