अयोध्या। हर भक्त श्री राम तक पहल के तहत अयोध्या राम मंदिर में दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं के लिए सुगम मार्ग परियोजना का शुभारंभ शनिवार को हुआ। दीपोत्सव के पावन दिन 800 मीटर लंबे स्पर्श-संवेदनशील और ब्रेल-सक्षम पैनल का उद्घाटन किया गया। ये पैनल दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में आसानी से रास्ता पहचानने और स्वतंत्र रूप से दर्शन करने में मदद करेंगे। यह पहल भक्ति के अनुभव को सभी के लिए सुलभ बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
हर भक्त श्री राम तक एक डिजिटल पहल है। इसके तहत देशभर के श्रद्धालुओं को डिजिटल मंच पर राम लिखने के लिए आमंत्रित किया गया था। इस प्रयास से 3.45 लाख से अधिक उपयोगकर्ता जुड़े। उनकी डिजिटल भागीदारी ने ब्रेल-सक्षम पैनल लगाने में सहयोग दिया।
उद्घाटन के दिन सरयू घाट पर 1.5 लाख दीये भी प्रज्वलित किए गए। आईटीसी के डिविजनल मुख्य कार्यकारी अधिकारी, रोहित डोगरा ने कहा कि भक्ति का अनुभव सभी के लिए सुलभ होना चाहिए।