फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: खेत में सोते समय युवक की धारदार हथियार से हत्या

Tue, 24 Jun 2025 10:24 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
अयोध्या। पूराकलंदर के पलिवा गोवा निवासी नागेंद्र प्रसाद यादव (40) की खेत में सोते समय सोमवार की रात धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू की। मृतक के पिता रामप्रकाश यादव की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
गांव निवासी रामप्रकाश यादव जनपद न्यायाधीश के चालक पद से सेवानिवृत्त थे। उनके एकलौते पुत्र नागेंद्र एक कार को भाड़े पर चलाने के साथ ही खेती-किसानी भी करते थे। धान की नर्सरी डालने के लिए सोमवार की रात लगभग 10 बजे घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत सींचने गए थे। रात ज्यादा हो जाने के कारण गांव के ही सहदेव के खेत के पास खड़ंजे पर चारपाई डालकर लेटे गए थे। इस बीच किसी ने धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी।
विज्ञापन

मंगलवार की सुबह लगभग पांच बजे खेत की तरफ निकले ग्रामीणों ने इसकी सूचना मृतक के परिजनों व पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। युवक के मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस व फोरेंसिक टीम की टीम मामले की छानबीन कर रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। सर्विलांस टीम की मदद से तफ्तीश की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीम लगाई गई है।
घटनास्थल के पास में बीयर की तीन बोतल व शराब का एक पाउच पड़ा मिला। थोड़ी दूरी पर बीड़ी के आधे जले टुकड़े भी मिले हैं। इससे रात में मृतक के साथ कुछ अन्य लोगों के होने का अनुमान है। पुलिस मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर इसका सीडीआर निकालकर उसकी जांच करा रही है।
पूराकलंदर थाने के एक सिपाही ने पंचनामा के बाद शव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया और नहाने-धोने के लिए बीकापुर स्थित अपने कमरे पर चला गया। समय पर कागज न पहुंचने से पोस्टमार्टम में देरी होने लगी तो काफी संख्या में ग्रामीण पूराकलंदर थाने पहुंचे और नाराजगी जताई।
पोस्टमार्टम हाउस पर काफी संख्या में ग्रामीण, मृतक के रिश्तेदार व परिजन जुटे रहे। सभी की जुबान पर मृतक के हंसमुख व मिलनसार स्वभाव की चर्चा रही। मृतक के रिश्तेदार व जिला पंचायत सदस्य हरिशंकर यादव छोटू ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। बल्कि वह काफी सरल स्वभाव के थे। घटना किसी के गले नहीं उतर रही है।
नाबालिगों के सिर से हटा पिता का साया
मृतक के परिवार में पिता, पत्नी के अलावा 16 वर्षीय बेटा आशुतोष यादव और 12 वर्षीय बेटी आस्था यादव हैं। दोनों नाबालिगों के सिर से पिता का साया उठ गया। पिता रामप्रकाश के बूढ़े कंधे पर दुखों के साथ जिम्मेदारियां भी आ गई हैं।
विज्ञापन

घटनास्थल से लेकर पोस्टमार्टम हाउस व भरतकुंड शवदाह स्थल तक जन प्रतिनिधियों का तांता रहा। पूर्व मंत्री आनंदसेन यादव, सपा जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव, हाजी फिरोज खान गब्बर, भाजपा नेता सुनील तिवारी शास्त्री, पूर्व प्रमुख रामअचल यादव, पूर्व प्रधान योगेंद्र वर्मा, जयकरन वर्मा, भाजपा नेता आलोक यादव आदि ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें