अयोध्या। शहर के मोदहा दक्षिणी स्थित एक मकान की जाली में उतरे करंट की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। इसी मकान में शराब का ठेका संचालित है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की है।
मोदहा दक्षिणी निवासी मनीराम (42) बृहस्पतिवार सुबह लगभग 10:30 बजे किसी कार्य से शराब के ठेके पर गए थे। इसमें लगी लोहे की जाली छूते ही उन्हें करंट लग गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पहले स्थानीय लोगों ने बिजली के खंभे में करंट उतरने से हादसे का अनुमान लगाया था, जिससे बिजली निगम पर लापरवाही के आरोप लगे थे।
अधिशासी अभियंता मनीष चौबे ने एसडीओ और जेई को भेजकर मौके की जांच कराई तो तस्वीर अलग मिली। अधिशासी अभियंता ने बताया कि मकान के ही निचले हिस्से में शराब की दुकान संचालित है। युवक उस दुकान पर गया था, जहां उसे करंट लगा है। मकान स्वामी ने बताया है कि बुधवार को भी अर्थिंग आ रही थी, जिसके लिए उन्होंने इलेक्ट्रीशियन बुलाया था, लेकिन मरम्मत नहीं हो सकी थी।
मृतक के भाई धनीराम ने बताया कि ठेकेदार की लापरवाही से घटना हुई है। इसके लिए वह नगर कोतवाली में तहरीर देंगे। उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।