रुदौली। ग्राम पंचायत पारा पहाड़पुर में ग्रामीण स्टेडियम और ओपन जिम का निर्माण किया जाएगा। इस योजना पर 9.56 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शासन ने प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति दे दी है। पहली किस्त के रूप में 4.78 करोड़ रुपये की भी स्वीकृति मिल गई है।
विधायक रामचंद्र यादव ने बताया कि वर्ष 2025 से पहले ही स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था। हालांकि, उस समय प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिल पाई थी। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद इस प्रस्ताव को कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया। कार्ययोजना की बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिली। अब शासन से प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। स्टेडियम बनने से रुदौली और आसपास के गांवों के खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर अभ्यास और प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा स्टेडियम
स्टेडियम परिसर में कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें बहुद्देशीय हॉल, बाउंड्रीवॉल और मुख्य प्रवेश द्वार शामिल हैं। सीसी और इंटरलॉकिंग मार्ग, पंप हाउस और कैंपस लाइट भी बनाई जाएगी। कैटल ट्रस, कैटल ट्रफ और रनिंग ट्रैक का निर्माण भी होगा। युवाओं के लिए ओपन जिम की सुविधा भी उपलब्ध होगी।