अयोध्या। राज्य निर्वाचन आयोग की देखरेख में इस समय जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के विलोपन की प्रक्रिया चल रही है। इसे 20 फरवरी तक पूरा किया जाना है। तारुन ब्लॉक के 97 गांवों में सबसे ज्यादा 71,578 डुप्लीकेट मतदाता हैं। रुदौली विधानसभा क्षेत्र के मवई ब्लॉक में यह संख्या सबसे कम 36,955 है।
जिले के सभी 11 ब्लॉकों में संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का बीएलओ के माध्यम से नोडल अधिकारी खंड विकास अधिकारियों की ओर से भौतिक सत्यापन किया जा चुका है। संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची मिलने के बाद अब सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) यानी एसडीएम की ओर से विलोपन की कार्रवाई की जा रही है। किसी भी मतदाता का नाम नगर निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची में से किसी एक में ही दर्ज होगा।
बीएलओ की ओर से सत्यापन के दौरान जो मतदाता अपने आधार कार्ड के अंतिम चार अंक उपलब्ध नहीं कराएंगे, उनका नाम मतदाता सूची से विलोपित किया जा सकता है। सभी एईआरओ यह भी सुनिश्चित करेंगे कि एसआईआर में अनुपस्थित, स्थानातंरित, डुप्लीकेट और मृतक घोषित किए गए मतदाताओं के नाम ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची में दर्ज न हों। सहायक निर्वाचन अधिकारी सूर्यभान यादव ने बताया कि संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन और विलोपन की कार्रवाई 20 फरवरी तक पूरी कर ली जाएगी।
ब्लॉक संभावित डुप्लीकेट मतदाता
मसौधा 38,924
पूरा बाजार 40,036
सोहावल 50,397
मया बाजार 53,141
बीकापुर 60,976
तारुन 71,578
हैरिंग्टनगंज 56,128
अमानीगंज 54,830
मिल्कीपुर 63,980
रुदौली 68,023
मवई 36,955