अयोध्या। छोटे बच्चों के पालन-पोषण में मां के बोझ को कुछ कम करने, उनकी शिक्षा व स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए 70 नए आंगनबाड़ी केंद्र बनेंगे। अयोध्या धाम के 15 वार्डों में आंगनबाड़ी केंद्र नहीं थे। अब यहां नए बाल विकास पुष्टाहार (आंगनबाड़ी) केंद्रों की स्थापना का प्रस्ताव जिला प्रशासन ने तैयार किया है।
योगी सरकार और प्रशासन की मंशा है कि छोटे बच्चों को उनके वार्ड क्षेत्र में ही शिक्षा और स्वास्थ्य की समुचित सुविधा मिल सके। इससे उनको बाल्यकाल से ही शिक्षा के प्रति तैयार किया जा सकेगा। सरकार की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना के लिए सहमति मिलने के बाद अक्तूबर में इन आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण शुरू हो जाएगा। आईआरएफसी के सीएसआर फंड से इन आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना की जाएगी। रेलवे बोर्ड की आईआरएफसी यूनिट ने जमीन उपलब्धता के आधार पर तय किए गए स्थानों पर आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना और विकास को लेकर रुचि जताई है। इस पर सहमति बन गई है।
इनसेट
इन वार्डों में बनाए जाएंगे नए आंगनबाड़ी केंद्र
अयोध्या धाम के स्वर्गद्वार, ऋणमोचन घाट, विद्याकुंड, रामचंद्र दास वार्ड, रामचंद्र दास परमहंस नगर, रायगंज, विभीषण कुंड, हनुमान कुंड, मणिरामदास छावनी, सीताकुंड, मीरापुर, देवकाली व परमहंस राम मंगल दास नगर वार्ड में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण होगा।