अयोध्या। लखनऊ एसटीएफ और पूराकलंदर पुलिस ने मंगलवार को भरतकुंड टोल प्लाजा के पास एक ट्रक से 14 बोरियों में 4.33 क्विंटल गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है। बर्तन बनाने में इस्तेमाल होने वाली डस्ट के बॉक्सों के बीच गांजे की खेप छिपाकर तस्करी की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, गांजे की यह खेप ओडिशा से लोड होकर चली थी और इसे बहराइच पहुंचाया जाना था। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए ट्रक में मिट्टी के बर्तन बनाने वाली डस्ट के बॉक्स रखे थे। इन्हीं बॉक्सों के बीच गांजे की बोरियां छिपाई गई थीं, ताकि सामान्य माल की ढुलाई के बीच मादक पदार्थ की तस्करी की जा सके। मुख्यालय की टीम को इसकी सूचना मिली थी।
उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में टीम ने पूराकलंदर पुलिस के साथ भरतकुंड टोल प्लाजा के पास घेराबंदी की। ट्रक को रोककर तलाशी ली गई तो 14 बोरियों में गांजा मिला। तस्कर की पहचान हरियाणा के मेवात जिले के पुन्हाना थाना क्षेत्र के लोहंगाकला निवासी मोहम्मद इरशाद (31) के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल ट्रक और एक मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है। बरामदगी के आधार पर पूराकलंदर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ मथुरा के कोसीकलां थाने में वर्ष 2022 में हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खेप किसने भेजी थी और बहराइच में इसे किसे सौंपा जाना था। तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।