बीकापुर। नगर पंचायत के नासिरपुर मूसी वार्ड में करीब 15 साल पहले बनी आवासीय काशीराम कॉलोनी बदहाली का शिकार है। गरीबों के लिए 256 आवास बनवाया गया था। इसका आवंटन भी कर दिया गया है, लेकिन यहां करीब डेढ़ दर्जन परिवार ही निवास कर रहे हैं। सुविधा न मिलने के कारण शेष लोग यहां रुकना नहीं चाहते हैं।
अमर उजाला ने इसका जायजा लिया तो पता चला कि नगर पंचायत के कई सफाईकर्मी परिवार के साथ यहां निवास कर रहे हैं। कुछ लोगों के रिश्तेदार और नगर पंचायत से बाहर के लोग भी यहां रहते हैं। यहां पर लोगों को अभी तक नगरीय सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है। पेयजल के लिए 11 हैंडपंप लगे हैं, जिनमें सात खराब हैं।
बिजली व्यवस्था ठीक नहीं है। सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं है। हर तरफ खर-पतवार, गंदगी और कूड़ा फैला है। पार्क बदहाल है। पानी की टंकी स्थापित है, लेकिन नलकूप खराब है। आवास के कमरों के दरवाजे और खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। नगर पंचायत के निवासी अधिवक्ता रामसिंह यादव, पप्पू गुप्ता, पूर्व सभासद पारस पांडेय आदि ने कॉलोनी की हालत में सुधार, साफ-सफाई और नगरीय सुविधा बहाल करने की मांग की है।
नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश पांडेय राना ने बताया कि आवासीय कॉलोनी में आवास का आवंटन पा चुके कई परिवार यहां न रहकर खेती-किसानी के लिए गांव चले जाते हैं। खराब हैंडपंपों को ठीक कराने और अन्य समस्या को दूर करने के लिए जल निगम को प्रस्ताव भेजा गया है।