रक्षाबंधन पर घर लौटने और राखी बांधने जाने वाले बहनों की राह आसान करने के लिए अयोध्या में परिवहन निगम ने कमर कस ली है। मंडल के चार डिपो से 227 बसों का विशेष संचालन 26 से 31 अगस्त तक किया जाएगा। इस बार भी रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिल सकती है।
26 से 31 अगस्त के बीच अधिकारियों, कर्मचारियों, चालक-परिचालकों और अन्य संबंधित कार्मिकों का अवकाश, साप्ताहिक विश्राम और डीडीआर स्वीकृत नहीं किया जाएगा। बीमारी या मृत्यु जैसी अतिविशिष्ट परिस्थितियों को इससे अलग रखा गया है। अनुबंधित बसों का भी पूरा संचालन कराया जाएगा। चालक-परिचालकों को सभी स्टॉपेज से यात्रियों को बैठाने और बसों को अधिकतम यात्री क्षमता के साथ चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
छह दिनों में 1800 किलोमीटर संचालन पूरा करने वाले चालक-परिचालक को 1200 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। संविदा कर्मियों को 1800 किलोमीटर से अधिक दूरी पर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 55 पैसे प्रति किमी मिलेंगे। हालांकि प्रोत्साहन के लिए सेवा का लोड फैक्टर 64 प्रतिशत से अधिक होना जरूरी है। छहों दिन उपस्थित रहने वाले डिपो और क्षेत्रीय कार्यशाला के तकनीकी कर्मचारियों को 500 रुपये एकमुश्त मिलेंगे।