फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: 20 हॉट स्पॉट वाई-फाई के लिए चिह्नित, 11 स्थानों पर उपकरण लगे

विज्ञापन
विज्ञापन
बीकापुर। जिले की बीकापुर तहसील के असकरनपुर गांव को डिजिटल विलेज बनाने की तेजी से कवायद चल रही है। फिलहाल गांव में फ्री वाई-फाई सेवा शुरू की गई है। साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की गई है जहां गांव तथा आसपास के युवाओं को न केवल प्रतियोगी परीक्षाओं बल्कि हाई स्कूल तथा इंटर बोर्ड की परीक्षाओं की तैयारी में भी सहूलियत मिल रही है। गांव में ही डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा मिलने से विद्यार्थियों को कोचिंग करने से काफी हद तक राहत मिली है। वाई-फाई सेवा के लिए गांव में 20 हॉट स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 11 स्थानों पर वाई-फाई के उपकरण लगाने का काम पूरा हो गया है। अब लोग अपने घरों में भी मुफ्त वाई-फाई सेवा का लाभ उठा रहे हैं। इससे उन्हें न केवल मनोरंजन की सुविधा मिल रही है बल्कि पढ़ाई लिखाई में भी बच्चों को सहूलियत मिल रही है। गांव को सुरक्षित बनाने के लिए जिन स्थानों पर वाई-फाई के उपकरण लग चुके हैं वहां सीसीटीवी भी लगाए जा रहे हैं ताकि सुरक्षा का माहौल तैयार हो सके। फिलहाल चार स्थानों पर कैमरे लगाने का काम पूरा हो चुका है। शेष कैमरों के लिए आर्डर दिया गया है, जो अगले कुछ दिनों में लग जाएंगे।
विज्ञापन

गांव की वातानुकूलित डिजिटल लाइब्रेरी रात के लगभग आठ बजे तक खुली रहती है। यह लाइब्रेरी पंचायत भवन में स्थापित है जिसे सुबह ही खोल दिया जाता है। बच्चे यहां गर्मी के दिनों में भी आराम से अध्ययन करते हैं। फिलहाल गांव के 40-50 बच्चे डिजिटल लाइब्रेरी का उपयोग कर रहे हैं। इनमें कुछ पास के गांव के बच्चे भी हैं। गांव की आबादी लगभग चार हजार है। सेहत और खेल की दृष्टि से ग्राम पंचायत भवन परिसर में स्वीमिंग पूल बनाया गया है। यहां बच्चे तैराकी का अभ्यास कर रहे हैं। ग्रामीणों का मानना है कि इन सुविधाओं से ग्राम पंचायत का नाम पूरे जिले तथा प्रदेश में रोशन होगा।

ग्राम पंचायत में प्रतिवर्ष पौधरोपण कराया जाता है। गांव में एक नर्सरी भी है जहां से दूसरों को भी पौधे उपलब्ध कराए जाते हैं। एक हेक्टेयर भूमि को आयुष वन का नाम दिया गया है। इसमें पीपल, बरगद, पाकड़, नीम, अर्जुन, हरसिंगार, गूलर आदि पौधे लगाए हैं। बीडीओ हरिश्चंद्र सिंह ने बताया कि असकरनपुर ग्राम पंचायत में अनुकरणीय विकास कार्य हो रहे हैं। इसके सकारात्मक नतीजे भी सामने आ रहे हैं।
विज्ञापन


वर्ष 2023 में ग्राम पंचायत को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से 10 लाख रुपये का सम्मान मिला है। इसके साथ ही 2024 में आईएसओ प्रमाण पत्र भी मिल चुका है। गांव निवासी सहायक प्रोफेसर डॉ. विनोद शुक्ला, उदय तिवारी, सुरेश यादव, हरिओम आदि ने कहा कि विकास कार्यों से असकरनपुर को मॉडल गांव की पहचान मिली है। यहां सुविधायुक्त भव्य और स्वच्छ ग्राम सचिवालय, जन सेवा केंद्र, एकीकृत कूड़ा प्रबंधन केंद्र, हरा-भरा पार्क, साफ-सुथरा खेल का मैदान, अमृत सरोवर, आयुष वाटिका आदि विकास कार्य हुए हैं।

ग्राम प्रधान आशा देवी का कहना है कि जल्द ही पंचायत में सद्भावना लॉन खोलने की योजना है। इसमें गांव में होने वाले धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन होंगे। साथ ही गांव के बेसहारा बुजुर्गों को इसमें रहने की भी सुविधा उपलब्ध होगी। बताया कि इसमें मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से मिले 10 लाख रुपये का इस्तेमाल किया जाएगा। कोशिश रहेगी कि यहां बुजुर्गों को सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हो सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें