22-राम की पैड़ी के पास पैदल मार्च करते एटीएस कमांडो।-संवाद
अयोध्या। दीपोत्सव को सकुशल संपन्न कराने के लिए लगभग 10 हजार जवानों ने सुरक्षा की कमान संभाली। खुफिया एजेंसियां विभिन्न स्वरूपों में इनपुट तलाशती रहीं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस, पीएसी, आरएएफ के जवान मुस्तैद रहे। आयोजन सकुशल संपन्न होने पर सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली है।
दीपोत्सव के लिए अयोध्या धाम की सुरक्षा व्यवस्था 18 जोन और 42 सेक्टर में बांटी गई थी। जिले के अलावा लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर, वाराणसी जोन के पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। अयोध्या धाम में पूर्व मेंं काम कर चुके अनुभवी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई थी। आयोजन सकुशल संपन्न कराने के लिए सिविल पुलिस के अलावा, पीएसी, आरएएफ के जवान जगह-जगह तैनात रहे।
राम की पैड़ी के आसपास व रामपथ के दोनों तरफ स्थित मकानों और प्रतिष्ठानों की छतों पर सशस्त्र जवान तैनात किए गए, जो चारो तरफ से हर गतिविधि पर नजर गड़ाए रहे। एटीएस के कमांडो राम की पैड़ी से लेकर अलग-अलग इलाकों में पैदल मार्च करके सुरक्षा का एहसास कराते रहे। राम मंदिर के इर्द-गिर्द सुरक्षा घेरा और सख्त रहा। यहां तमाम आधुनिक तकनीक के सहारे सुरक्षा की निगरानी की गई।
उधर, बीडीडीएस, एएस चेक टीम विभिन्न आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के साथ इनपुट तलाशती रही। एंटी माइंस, बैगेज स्कैनर, सर्च लाइट आदि के साथ सर्च अभियान के तहत टीमें सक्रिय रहीं। अग्निशमन विभाग की टीम विभिन्न स्थानों पर उपकरणों के साथ डटी रही। आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर टीम के साथ आयोजन स्थल का भ्रमण कर सुरक्षा का जायजा लेते रहे। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि आयोजन सकुशल संपन्न हो गया है। कहीं से किसी तरह की अराजकता सामने नहीं आई है।