औरैया। घर से निकलकर नौकरी के लिए साक्षात्कार से लेकर संबोधन के मंचों पर युवाओं को संवाद करने में हिचकिचाहट आड़े न आए। इसे लेकर तिलक महाविद्यालय की ओर से एक बड़ी पहल शुरू की जाएगी। महाविद्यालय के पुरातन छात्र व वर्तमान में मल्टीनेशनल कंपनी के एचआर के सुझाव पर इसे धरातल पर उतारने की कवायद शुरू की है। दिसंबर में युवाओं को संवाद (बातचीत) में हुनरमंद बनाने के लिए आठ सप्ताह का निशुल्क प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा।
कस्बा निवासी गोपाल शुक्ला तिलक महाविद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं। जो वर्तमान में एक मल्टीनेशनल कंपनी में एचआर विभाग में कार्यरत हैं। उन्होंने महाविद्यालय में कुछ अलग सहयोग देने की इच्छा जताई है। जिसको लेकर प्राचार्य डॉ. रवि कुमार से उनका मंथन चला है। इसमें उन्होंने युवाओं के प्लेसमेंट में मुख्य तौर पर व्यक्तित्व विकास और संवाद कौशल को लेकर युवाओं को दक्ष बनाने की रूपरेखा तैयार की गई।
इसे धरातल पर उतारने के लिए आठ सप्ताह के जिला स्तरीय प्रशिक्षण की रूपरेखा बनाई गई है। 23 नवंबर से युवाओं के रजिस्ट्रेशन की कवायद शुरू कर दी गई है। रजिस्ट्रेशन कराने वाले इच्छुक युवाओं को आठ सप्ताह तक निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाना तय हुआ है। सप्ताह में दो दिन शनिवार व रविवार को दो-दो घंटे कक्षाएं लगेंगी।
शनिवार को दोपहर दो बजे से शाम चार बजे। वहीं रविवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक कक्षा लगेगी। इस कक्षा में ग्रुप डिस्कशन से लेकर साक्षात्कार देने की तरकीब में युवाओं को बारीकियां समझाई जाएंगी। दिसंबर के पहले सप्ताह में इन कक्षाओं को विधिवत शुरू कराया जाएगा।
महाविद्यालय के पुरातन छात्र रहे गोपाल शुक्ला के सहयोग से व्यक्तित्व विकास व संवाद कौशल को लेकर आठ सप्ताह का निशुल्क प्रशिक्षण युवाओं को दिया जाएगा। इसकी तैयारी कर ली है। वाणिज्य विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अलकेश कुमार गुप्ता को प्रशिक्षण का कॉर्डिनेटर बनाया है। - डॉ. रवि कुमार, प्राचार्य तिलक महाविद्यालय