औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव खानपुर निवासी एक युवक ने रविवार शाम यमुना नदी में छलांग लगा दी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बरामद किया। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर से सटे गांव खानपुर निवासी मोहम्मद अब्दुल कादिर (29) ने रविवार की शाम चार बजे यमुना पुल पर पहुंचकर नदी में छलांग लगा दी। इसी बीच उधर से गुजर रहे राहगीरों ने डायल 112 पुलिस को फोन से सूचना दी। युवक के कूदने की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से मशक्कत के बाद युवक के शव को बाहर निकाल लिया। पुलिस के अनुसार अब्दुल कादिर का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जांच की जा रही है।