औरैया। एसपी अभिषेक भारती ने शनिवार को बाइक से शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान चौकी के पास हाईवे पर ट्रॉला खड़ा मिलने पर एसपी ने पुलिस से उसे सीज करा दिया। इसके अलावा हाईवे पर स्थित होटल व ढाबा के बाहर वाहन मिलने पर संचालकों को पुलिस ने नोटिस थमाया। साथ ही आगे ऐसा होने पर रिपोर्ट दर्ज करने की चेतावनी दी।
बाइक पेट्रोलिंग एसपी ने कोतवाली से शुरुआत की। रास्ते में बेतरतीब खड़े मिले 20 वाहनों का पुलिस से चालान कर जुर्माना लगवाया। साथ ही मालिक को चेतावनी दी। इसके अलावा रास्ते में दुकान फैलाए लोगों को भी एसपी ने चेतावनी दी। इसके बाद बाइक पेट्रोलिंग सुभाष चौक होते हुए इंडियन ऑयल चौकी के पास पहुंची। वहां हाईवे पर गलत तरीके से एक ट्रॉला खड़ा मिला। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने ट्रॉला को सीज कर कब्जे में ले लिया गया। एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि हाईवे स्थित होटल व ढाबा संचालकों को नोटिस दिया गया है। फिर भी हाईवे पर वाहन खड़े हुए तो संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।