औरैया। सदर कोतवाली के गांव पढ़ीन में संदिग्ध हालात में एक युवक की मौत हो गई। परिजन ने पास के गांव के लोगों पर पीटने का आरोप लगाया। पुलिस की प्राथमिक जांच युवक के जहर खाने की बात सामने आई है। जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव पढ़ीन निवासी रोहित (19) एक जून की शाम गांव के बाहर तिराहे पर दोस्तों के साथ बैठा था। जांच में पता चला की पुराने लेनदेन को लेकर दोस्तों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसके बाद रोहित घर पहुंचा और वहां रखा जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे शहर स्थित निजी अस्पताल ले गए। वहां से उसे कानपुर ले जाने की सलाह दी। रास्ते में अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
मंगलवार सुबह परिजन ने युवक की हत्या की सूचना पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। परिजन से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटे की मौत की सूचना पर महाराष्ट्र जा रहे पिता जितेंद्र रास्ते से लौट आए। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजन की ओर से तहरीर मिली है। इस पर जांच कर की जा रही।