मुरादगंज। क्षेत्र के ग्राम पूर्वा महासुख के सामने हाईवे की सर्विस रोड पर सोमवार शाम दो तेज रफ्तार बाइकें टकरा गईं। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल औरैया ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी चचेरी बहन का इलाज जारी है। कोतवाली पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के बाकरपुर निवासी 20 वर्षीय मोहित सिंह पुत्र राजीव कुमार सिंह सोमवार शाम अपनी चचेरी बहन प्रियांशी पुत्री शैलेंद्र सिंह को बाइक से दवा दिलवाने के लिए कस्बा मुरादगंज लेकर जा रहा था। शाम करीब पांच बजे जैसे ही वे पुरवा महासुख स्थित सर्विस रोड पर सामने से आई बाइक उनकी बाइक से टकरा गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने जांच के बाद मोहित सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल उसकी चचेरी बहन प्रियांशी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से भाग निकला। मृतक की क्षतिग्रस्त को पुलिस ने कब्जे में लिया है। कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि हादसे में घायल युवक की मौत हो गई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।