अनंतराम। कोतवाली पुलिस ने देर रात गश्त के दौरान बाइक चोरी के मामले में वांछित चल रहे आरोपी केशव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से बरामद बाइक पर न तो नंबर प्लेट थी और न ही चेसिस नंबर। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र में बीते दिनों बाइक चोरी की कई घटनाएं हुईं। एक शादी समारोह में शामिल होने आए लोगों की गेस्ट हाउस के बाहर बाइकें चोरी हो गई थीं। आठ मई को अटसू चौकी प्रभारी अभय प्रताप सिंह ने पुलिस बल के साथ चेकिंग के दौरान दो बाइक चोर शहाबुद्दीन उर्फ गुल्ला निवासी अकबरपुर थाना अयाना और बबलू निवासी विद्यानगर आंबेडकर स्कूल के सामने बाबरपुर को पकड़ लिया था। पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की पांच बाइकें और बाइक के पुर्जे बेचकर कमाए गए 2350 रुपये बरामद किए थे।
चोरी की घटना में वांछित चल रहा एक आरोपी अभी तक फरार था। बुधवार को उपनिरीक्षक अभय प्रताप सिंह ने जुआ पुल के पास से शौहरी गढ़िया जाने वाले रोड के पास केशव कुमार उर्फ केपी निवासी अकबरपुर थाना अयाना को पकड़ लिया। उसके पास से बिना नंबर और बिना चेचिस नंबर की बाइक मिली। तलाशी लेने पर उसकी जेब से 1050 रुपये मिले। पकड़े गए अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।