टो-17-अस्पताल में महिला का उपचार करते डॉक्टर। संवाद
अटसू। क्षेत्र के बल्लापुर गांव स्थित जुआ पुल पर बृहस्पतिवार को एक महिला ने सेंगर नदी में छलांग लगा दी। महिला को नदी में डूबता देख पुल के पास मौजूद युवकों ने नदी में कूदकर उसे बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जनपद के तिलकपुर निवासी शिवांजली (21) पत्नी आशीष कुछ दिन पहले अपने मायके बल्लापुर स्थित जुआ गांव आई थी। बृहस्पतिवार को उसने जुआ पुल से सेंगर नदी में छलांग लगा दी। महिला को नदी में डूबता देख पुल पर पानी-पूरी की ठेली लगाने वाले अंकित कुमार सहित मौके पर मौजूद युवकों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया। इसके बाद युवकों ने यूपी 112 पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। महिला ने किन परिस्थितियों में नदी में छलांग लगाई इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।