दिबियापुर (औरैया)। थानाक्षेत्र में सोमवार दोपहर बाइक से घर लौट रहे युवक को गेल कंप्रेशर बंबा पर गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने सामने से टक्कर मार दी। सड़क पर गिरे युवक को पीछे से आ रहा खाद लदा ट्रक रौंदते हुए निकल गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन शव देखकर बिलख पड़े। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
कस्बा के मोहल्ला कृष्णा नगर निवासी उमंग कठेरिया (24) बाइक से घर जा रहा था। वैष्णो मैरिज होम के सामने कंप्रेशर बंबा के पास गलत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन के चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। पीछे से आ रहे खाद से भरे ट्रक का पहिया सिर पर चढ़ जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक तीन बहनों का इकलौता भाई था और अपने पिता के साथ कारोबार में हाथ बंटाता था। उसका रिश्ता कानपुर देहात के राजपुर (सिकंदरा) में तय हुआ था। इसी साल नवंबर में शादी होनी थी। शादी की तैयारियों के बीच अचानक हुए इस हादसे से परिवार में मातम छा गया। अपराध निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दोनों वाहनों व उनके चालकों की तलाश की जा रही है। पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।