फफूंद/ औरैया। फफूंद थाना क्षेत्र के कन्हों गांव के पास खेत में युवक का रक्तरंजित शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक की हत्या की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के भाई ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगा तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
दिबियापुर थाना क्षेत्र के खरगपुर निवासी जितेंद्र कुमार दोहरे (28) मंगलवार शाम पांच बजे महामाई मंदिर के पास लगने वाली सब्जी मंडी से सब्जी खरीदने गया था। वह देर रात तक नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने पास के ही गांव कन्हों में एक खेत में शव पड़ा होने की जानकारी परिजनों को दी। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन और फफूंद थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक दुबे मौके पर पहुंचे। मृतक के सिर व गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए गए हैं।
युवक की हत्या की खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मामला बढ़ता देख कई थानों की पुलिस बुला ली गई। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक शिष्य पाल, सीओ अजीतमल प्रदीप कुमार ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एएसपी शिष्य पाल ने बताया कि युवक मजदूरी करता था। मृतक के भाई पुष्पेंद्र की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है।