संवाद न्यूज एजेंसी
कंचौसी। रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के पास शनिवार रात में एक युवक ट्रेन से गिरकर कट गया। सुबह सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को ट्रैक से हटा कर शिनाख्त करवाने का प्रयास किया। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
कंचौसी रेलवे स्टेशन से रविवार सुबह गुजर रही दरभंगा नई दिल्ली क्लोन सुपरफास्ट एक्सप्रेस के चालक ने कंचौसी स्टेशन मास्टर शैलेंद्र कुमार को पश्चिमी केबिन के पास एक शव पड़ा होने की जानकारी दी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को ट्रैक से हटाकर शिनाख्त करवाने का प्रयास किया।
सिर क्षतविक्षत होने से युवक की पहचान न हो सकी। फफूंद जीआरपी प्रभारी रजनीश राय ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष है। उसकी जेब से एक मालदा टाउन से नई दिल्ली तक जाने का टिकट बरामद हुआ है। युवक के खिड़की पर खड़े होने के दौरान अनियंत्रित होकर ट्रेन से नीचे गिरने की आशंका प्रतीत हो रही है। फिलहाल शिनाख्त करवाए जाने के प्रयास किये जा रहे हैं।