ककोर। फफूंद थाना क्षेत्र के गांव नौली में शुक्रवार को घर में रखी अलमारी में करंट उतरने से चपेट में आए एक युवक की मौत हो गई। चूहों ने तार कुतर दिया था।
गांव नौली निवासी गोपाल पांडेय (22) अपनी मां के कंगन सुरक्षित रखने के लिए अलमारी के पास गया था। बताया जा रहा है कि अलमारी के पीछे से गुजर रहे बिजली के तार को चूहों ने कुतर दिया था, जिससे तार अलमारी के लोहे से स्पर्श कर रहा था। पूरी अलमारी में करंट दौड़ रहा था। जैसे ही गोपाल ने अलमारी को छुआ, वह करंट की चपेट में आकर उससे चिपक गया।
परिजन ने बिजली आपूर्ति बंद कर गोपाल को अलमारी से अलग किया। उसे परिजन मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया मामले की जानकारी नहीं है। (संवाद)