दिबियापुर (औरैया)। औरैया रोड स्थित पीबीआरपी स्कूल के संस्थापक के साले का शव शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे सड़क किनारे गड्ढे में पड़ा मिला। उनकी बाइक भी पास में ही पड़ी मिली।
सुबह लोगों ने शव पड़ा देखा तो पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पीबीआरपी स्कूल के प्रधानाचार्य सौरव कश्यप व स्टाफ ने शव की शिनाख्त संतोष तिवारी (50) पुत्र बेनीराम निवासी कुरावली कुठौद जालौन (वर्तमान पता पीबीआरपी एकेडमी) के रूप में की। प्रभारी निरीक्षक रामसहाय पटेल ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस का कहना है कि बाइक समेत गड्ढे में गिरने और रात भर सर्दी में घायल पड़े रहने से संतोष की मौत हुई है। पीबीआरपी स्कूल के प्रधानाचार्य सौरव कश्यप का कहना है कि संतोष स्कूल के संस्थापक संतोष पांडेय के साले थे। वह स्कूल में ही परिवार के साथ देखरेख के लिए रहते थे। गुरुवार रात वह घर से पास के गांव समाधान का पुर्वा जाने की बात कहकर निकले थे। घटना के बाद से परिजन बदहवास हैं।