औरैया। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। शनिवार को ब्लॉक स्तर पर कॉमन योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा कर लिया गया। शासन के निर्देश पर 15 से 21 जून तक योग सप्ताह मनाया जाएगा।
योग सप्ताह के तहत अजीतमल, भाग्यनगर, सहार, बिधूना, अछल्दा, एरवाकटरा व औरैया ब्लॉकों व तहसीलों के अलावा ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम होंगे। इसमें योग प्रशिक्षकों ने पंचायत सहायकों, रोजगार सेवकों व अन्य कर्मियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इसके बाद अब सभी ग्राम पंचायतों में योग शिविरों का आयोजन पंचायत सहायकों व रोजगार सेवकों के जरिए कराया जाएगा।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम योग सप्ताह व अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके माध्यम से जनपद के प्रत्येक गांव तक योग को पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। मास्टर योगा ट्रेनर शशिराज सेठ ने बताया कि सभी ब्लॉकों में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में योगेंद्र कुमार मिश्रा, नितिन कुमार, रीता चंदेरिया, प्रशंसा कुमारी, अजय कुमार समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
हेल्दी एजिंग थीम पर मनेगा योगा दिवस
सहार। 15 से 21 जून तक होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी चल रही हैं। इसके तहत कॉमन योगा प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शनिवार को योग प्रशिक्षिका रीता चंदेरिया ने ब्लॉक कार्यालय में प्रशिक्षण दिया। कहा कि इस वर्ष योगा फॉर हेल्दी एजिंग की थीम पर मनाया जाएगा। योग के साथ-साथ उन्होंने बीडीओ के साथ मिलकर एक पेड़ मां के नाम पर लगाया। इस अवसर पर बीडीओ राज नारायण पांडेय, श्याम वर्मा व विकास त्रिपाठी मौजूद रहे।(संवाद)