औरैया। हर साल 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस लोगों को निरोग रखने में योग की भूमिका के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। इस वर्ष कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए इसे घर पर परिवार वालों के साथ ही मनाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में मुख्य सचिव ने सभी डीएम को योग दिवस मनाने को लेकर निर्देश दिये गए हैं तथा साथ ही प्रतियोगिता के बारे में विस्तार से बताया गया है।
क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह ने बताया कि 21 जून को योग दिवस को लेकर शासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिये गए हैं कि कोई सामूहिक कार्यक्रम का आयोजन न कर सभी लोग अपने घरों पर सुबह सात बजे से योगाभ्यास करेंगे जिसके लिए शासन द्वारा सोशल मीडिया पर योग के वीडियो अपलोड किए गए हैं। इसके साथ ही योग दिवस प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है।
जिसमें प्रतिभागी को योग करते हुए तीन से पांच मिनट का अपना वीडियो बनाकर सोशल मीडिया जैसे फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब पर अपलोड करना होगा। डॉ. सिंह ने बताया कि इसके दूसरे चरण में आयुष कवच ऐप प्रयोग कर रहे प्रतिभागियों द्वारा इस ऐप पर लॉग-इन कर अपना पंजीकरण कराएं, जो प्रतिभागी इस ऐप का प्रयोग नहीं कर रहे हैं वह लोग उत्तर प्रदेश आयुष सोसायटी लखनऊ की वेबसाइट पर लॉग- इन कर अपना रजिस्ट्रेशन कराएं। प्रथम पुरस्कार 51,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 21,000 रुपये एवं तृतीय पुरस्कार 11,000 रुपये दिये जाएंगे।