फोटो20एयूआरपी 06- घटना स्थल पर जमा लोगों की भीड़ व पुलिस
- फोटो : AURAIYA
औरैया सदर कोतवाली क्षेत्र में जेसीज चौराहे के पास टैंकर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने टैंकर चालक को पकड़ लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के जेसीज चौराहे के पास फायर ब्रिगेड के सामने शनिवार दोपहर एक बजे नदीम (23) पुत्र मुद्दन खां अपने दोस्त अमित कुमार (26) पुत्र ओमप्रकाश निवासी गांव सराय बिहारी दास फफूंद के साथ बाइक से औरैया चश्मा बनवाने आया था। चश्मा बनवाने के बाद वे घर जा रहे थे। जैसे ही वे जेसीज चौराहे के पास फायर ब्रिगेड कार्यालय के सामने पहुंचे पीछे से तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर मारने के बाद चालक ने टैंकर लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन कचहरी के पास वकीलों और पुलिस ने उसे रोक लिया और कोतवाली पहुंचाया। उधर लोगों ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से 50 शय्या युक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने नदीम को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, टैंकर के पहिए की चपेट में आने से पैर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो जाने पर डॉक्टरों ने अमित को सैफई रेफर कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि नदीम चश्मा बनवाने आया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली पुलिस ने बताया कि टैंकर चालक अब्दुल हलीम को हिरासत में है।