Yamuna river water level continues to rise,
- फोटो : AURAIYA
औरैया। चंबल नदी में पानीबढ़ते ही यमुना नदी में भी जलस्तर का पैमाने पर चढ़ना जारी है। केंद्रीय जल आयोग कर्मियों के अनुसार मंगलवार से शुरू हुई बढ़त बुधवार को भी जारी रही। शाम छह बजे तक पानी का स्तर 107 मीटर के ऊपर पहुंच गया था।
यमुना नदी में बढ़ रहे जलस्तर का क्रम दूसरे दिन भी जारी रहा। मंगलवार तड़के शुरू हुई जलस्तर की बढ़ोत्तरी ने बुधवार की शाम छह बजे तक 107.42 मीटर पर आमद दर्ज करा ली थी। केंद्रीय जल आयोग कर्मियों के मुताबिक, यमुना नदी में पिछले दिनों आई बाढ़ ने खतरे के निशान 113 मीटर को पार करते हुए 113.89 मीटर पहुंचने के बाद वापसी ली थी। एक बार फिर से यमुना नदी में पानी के बढ़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। बताया कि चंबल नदी में पानी बढ़ने के कारण ही यमुना नदी का जलस्तर ऊपर उठ रहा है। उधर नदी में पानी बढ़ने से जहां शेरगढ़ घाट व स्नानागार पानी में समा गए हैं तो वहीं अंत्येष्टि के दौरान घाट पर पहुंचने वाले लोगों के लिए बनाया गया राम झरोखा भी आधे से अधिक पानी में डूब गया है। केंद्रीय जल आयोग कर्मियों ने बताया कि यमुना नदी में पानी का स्तर प्रति घंटे तीन-चार सेमी बढ़ने का क्रम बना हुआ है। बताया कि शाम चार बजे यमुना नदी में जल स्तर 107.34 मीटर पर था जो शाम छह बजे 107.42 मीटर पहुंच गया है। अभी यमुना नदी में जल स्तर बढ़ना जारी है।