बिधूना। सीएचसी में पिछले चार दिनों से एक्सरे मशीन खराब पड़ी है। इससे रोजाना आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक्सरे सुविधा बंद होने के कारण कई मरीजों को बिना जांच के ही लौटना पड़ रहा है।
इस दौरान अस्पताल पहुंचे मरीजों ने बताया कि मशीन खराब होने की जानकारी पहले से नहीं दी जाती है। इससे दूर-दराज से आने वाले लोगों को निराश होकर लौटना पड़ता है। कस्बे की रामा देवी ने बताया कि उनके हाथ में चोट लगी है। डॉक्टर की सलाह पर वह एक्सरे कराने सीएचसी आई थीं। मशीन खराब होने से जांच नहीं हो सकी।
शारदा ने बताया कि उनके बेटे सौरभ के हाथ में गंभीर चोट है। वह जांच कराने अस्पताल आई थीं, लेकिन एक्सरे न होने की बात कहकर वापस भेज दिया गया। मजबूरी में उन्हें निजी अस्पताल में एक्सरे कराना पड़ा।
अधीक्षक डॉ. बीपी शाक्य ने बताया कि एक्सरे मशीन में तकनीकी खराबी हो गई है। इसे सही करने लिए मैकेनिक बुलाया गया है।