सड़क दुर्घटना में राजगीर की मौत के बाद उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ओमनगर में एक निर्माणाधीन मकान की बीम गिरने से मजदूर दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एंबुलेंस से सौ शैय्या जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
ओमनगर मोहल्ले में एक निर्माणाधीन मकान में तोड़फोड़ का काम चल रहा है। जहां सोमवार शाम लगभग चार बजे दयालपुर निवासी मजदूर अनिल (30) मकान की बीम तोड़ रहा था। इसी बीच अचानक बीम धसक गई। अनिल बीम के साथ नीचे आ गिरा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में मजदूर को एंबुलेंस से सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गई। सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने वहां जमकर हंगामा किया। बाद में औरैया दिबियापुर रोड पर जाम लगा दिया।
जानकारी पर कोतवाल फोर्स के साथ मौके पर पहुुंचे। उन्होंने परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इसके बाद कोतवाल ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल ने कहा कि परिजन अगर तहरीर देंगे तो आगे कार्रवाई की जाएगी।