सहार। गांव के अंदर शराब व बीयर की दुकानों से परेशान क्षेत्र की महिलाएं रविवार को आक्रोशित हो गईं। कई महिलाएं व ग्रामीण ठेके पर जा धमके और उसके आगे बैठकर प्रदर्शन करने लगे।
उन्होंने शराब का ठेका भी नहीं खुलने दिया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर ठेका के गांव बाहर विस्थापित किए जाने की मांग पूरी न हुई तो रोजाना ऐसे ही प्रदर्शन होगा।
सहायल क्षेत्र के गांव शिवगंज के मजरा बरयारेमऊ में देसी शराब का ठेका व बीयर की दुकान है। महिलाओं आरोप है कि बाजार में शराब का ठेका होने से आए दिन शराबी गाली गलौज, मारपीट व चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। शराबी आए दिन महिलाओं और बालिकाओं पर अभद्र टिप्पणी करते रहते हैं। इससे महिलाएं ज्यादा परेशान हैं।
ठेके के पास में ही सुलभ शौचालय भी है। शराबियों के डर से महिलाएं घर से निकलने में भी घबरा रही हैं। प्रदर्शन करने आईं महिलाओं का कहना है कि पूर्व में इसकी शिकायत आबकारी विभाग से की गई थी। तब विभाग के अधिकारी ज्ञानेंद्र ने मार्च 2022 तक ठेका विस्थापित करने का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
रविवार को आक्रोशित महिलाओं ने ठेका खुलने नहीं दिया और जमकर नारेबाजी की। महिलाओं का कहना है कि अगर मांग पूरी नहीं की गई तो यह प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शन करने वालों में सुधा, मिथिलेश कुमारी, खुशबू, रेणु देवी, अनीता, पूनम, किरन, दीपिका, अमित चक्रवर्ती, रामवीर, महेश चंद्र, अमरीश, रमेश चंद्र, दिनेश कुमार, मदन सिंह व वहीद आदि मौजूद रहे।