बिधूना। अछल्दा की ग्राम पंचायत बसौली के मजरा बिचौलिया स्थित अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल में रविवार को डीडीओ ने पशु चिकित्साधिकारी के साथ औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने मृत गाय को दफनाने में लापरवाही पर प्रधान व सचिव को नोटिस दिया। परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्था पर जिम्मेदारों की फटकार लगाई और पांचों केयरटेकरों को हटाने के निर्देश दिए ।
जिला विकास अधिकारी सतीश पाण्डेय व पशु चिकित्साधिकारी सौरभ कुमार ने गोशाला में गंदगी का अंबार देखा। इस पर उन्होंने तत्काल प्रभाव से पांचों केयर टेकर कल्लू, मनोज, सतीश, महेश व सुनील को हटाने के निर्देश दिए। वहीं, आश्रय स्थल में सांप के काटने से गाय की मौत हो जाने और उसे देर से दफनाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। इस पर उन्होंने प्रधान मीना देवी व सचिव नीरज पाण्डेय को नोटिस जारी किया।
डीडीओ ने कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गोशाला में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी अनिवार्य की जाए। गोशाला में गोबर की नियमित सफाई के साथ दो दिन में निस्तारण कराया जाए। उन्होंने बीमार गोवंशों का समय पर इलाज कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने डीडीओ की इस कार्रवाई की सराहना की है।