ठेका खुलने का विरोध करते पुरुष व महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
हाईवे से हटे शराब के ठेके मिहौली गांव में खुलने हैं। इसकी जानकारी पर महिलाएं विरोध करने पहुंच गईं। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने महिलाओं को शराब की दुकानों तक नहीं पहुंचने दिया। महिलाओं ने कहा कि यदि शराब ठेके यहां खुले तो आंदोलन किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर राष्ट्रीय राजमार्ग से हटने वाले ठेकों का विरोध जिले में जारी है। करमपुर मिहौली के समीप बीयर और देशी शराब का ठेका हाईवे से हटकर गांव में पहुंचा। आज ठेका खुलना था।
तभी मिहौली गांव की लगभग आधा सैकड़ा महिलाएं दुकानों पर पहुंच गईं। ठेका संचालक ने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची। इन्होंने पुलिस के सामने जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने कहा कि शराब ठेके बस्ती में संचालित हुए तो वह बोतलें तोड़ देंगी।
शराब नालियों में बहा देंगी। गांव की आक्रोशित महिलाएं देरशाम तक शराब ठेके के आसपास ही घूमती रहीं। इसके चलते देरशाम तक कोतवाली पुलिस शराब ठेके की सुरक्षा में नजर आई। महिलाओं ने शराब ठेका गांव के बाहर खोले जाने की मांग की।