अयाना (औरैया)। गांव असेवा में सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत हो गई। भाई ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बीहड़ के गांव असेवा निवासी शिवराज सेंगर की पत्नी अन्नो देवी उर्फ किशोरी (55) की सोमवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति का कहना है कि अन्नो देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। जानकारी मिलने पर पहुंचे महिला के भाई कानपुर देहात के काशीपुर रूरा निवासी प्रेम बाबू ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को प्रेम बाबू ने बताया की उसकी बहन अन्नो देवी की उसके जीजा शिवराज ने हत्या की है। आरोप लगाया कि शिवराज का किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध है। इसको लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़ा होता था। इसी के चलते सोमवार की रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ और शिवराज ने अन्नो देवी की हत्या कर दी।
थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि जानकारी मिली है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। महिला की मौत के संबंध में जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।