औरैया। कोरोना संक्रमण से शनिवार को दिबियापुर निवासी महिला की मौत हो गई जबकि सात नए केस मिले हैं। 20 संक्रमित मरीजों ने कोरोना से जंग जीती है।
जिले में कोरोना से ठीक होने वाले कुल मरीजों की संख्या 9719 है। शनिवार को 56 वर्षीय संक्रमित महिला ने दिबियापुर स्थित प्राइवेट अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके साथ मृतकों की संख्या 168 हो गई है। राहत की बात ये है कि अब एक्टिव केस मात्र 153 रह गए हैं। संक्रमित मरीजों के घटने से एक्टिव हॉटस्पॉट 125 रह गए हैं। 188 मरीज होम आइसोलेट हैं।
चिचौली स्थित कोविड केयर सेंटर एल-2 में भर्ती गंभीर संक्रमित मरीजों की संख्या 23 है। जबकि जिले के बाहर 16 कोविड अस्पतालों में 23 मरीजों का उपचार किया जा रहा है। लखनऊ लैब से अब एक हजार सैंपलों की रिपोर्ट आने का इंतजार है। सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से गिरी है। वहीं एक्टिव केस भी कम हो रहे हैं। लोगों को तीसरी लहर से बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि चिचौली एल -2 अस्पताल में 200 बेड हैं। जिसमें 177 बेड और दिबियापुर स्थित एल-2 अस्पताल के सभी 50 बेड खाली हैं।