औरैया। बिधूना कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता ने ससुरालीजनों के खिलाफ महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने ससुरालीजनों पर भैंस व 50 हजार रुपये की मांग पूरी न होने पर बच्चों समेत पीटकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिधूना कस्बा निवासी मधू ने बताया कि उसकी शादी सिंटू पुत्र रामभरोसे निवासी अंबरपुर पतारा थाना कुर्रा मैनपुरी से पांच साल पहले हुई थी। मायके वालों ने अपनी क्षमता के अनुसार दहेज दिया था। शादी के बाद से ही पति व ससुरालीजन दहेज कम लाने का ताना देते हुए मायके से एक भैंस व 50 हजार रुपये लाने का दबाव बनाने लगे।
पहले तो उसने बात अनसुनी कर दी लेकिन जब ससुरालीजनों की ओर से उसे शारीरिक व मानसिक प्रताड़ित किया जाने लगा तो उसने पिता को जानकारी दी। उन्होंने ससुरालीजनों को समझाकर शांत करा दिया। इस बीच उसके एक पुत्री व एक पुत्र पैदा हुआ। इसके बाद भी ससुरालीजनों का मन नहीं बदला। 17 जनवरी 2020 को ससुरालीजनों ने पीट कर बच्चों के साथ घर से निकाल दिया।
पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने पति सिंटू, सास राजनश्री, देवर जयवीर, जेठ पिंकू, जेठानी विनीता, मौसी का लड़का राकेश, नंदोई भारत सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।