औरैया। कोतवाली क्षेत्र के गांव चिरुहूली में मंगलवार सुबह एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं मोहल्ला भीखमपुर में किशोरी करंट लगने से झुलस गई।
गांव चिरुहूली निवासी भोली (45) पत्नी भोले मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे घर में पंखा चलाने के लिए बिजली के बोर्ड पर तार लगा रही थी। इस बीच बोर्ड में लगा प्लग कटा होने से उसे करंट लग गया। गंभीर रूप से झुलसी भोली को परिजन अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
दूसरी घटना में मोहल्ला भीखमपुर निवासी शिखा (17) पुत्री राजेश कुमार मंगलवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे घर पर पंखे का तार लगा रही थी। तभी करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर पड़ी। उसे सैफई रेफर कर दिया गया।